पुलिस के मुताबिक, अकबरपुर माजरा गांव निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी राकेश कुमार ने 29 अक्तूबर को अलीपुर थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 27 अक्तूबर को नरेंद्र उर्फ भोलू ने उन्हें घर के बाहर बुलाया और जबरन काली स्कॉर्पियो-एन में बैठाकर ले गया। गाड़ी में पवन उर्फ मक्खी पहले से मौजूद था। दोनों उन्हें पल्ला-जंगोला रोड और बख्तावरपुर स्थित सुनील तंवर उर्फ राजू के कार्यालय समेत अलग-अलग जगहों पर ले गए।
आरोप है कि इस दौरान कारोबारी को बंधक बनाकर पुराने मामले में समझौता करने और पवन व उसके साथियों के खिलाफ गवाही नहीं देने का दबाव बनाया गया। पवन ने कारोबारी पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी और डराकर समझौते पर हस्ताक्षर करा लिए। इस मामले में पुलिस ने अपहरण, बंधक बनाने, धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था।
पहले एक आरोपी गिरफ्तार, पवन चल रहा था फरार
पुलिस ने मामले में नरेंद्र उर्फ भोलू को 30 अक्तूबर को गिरफ्तार कर लिया था। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो-एन भी बरामद की गई। वहीं, पवन लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था। उसने रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे छह नवंबर को खारिज कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी थी।
स्पेशल स्टाफ की टीम ने कई ठिकानों पर छापे मारे और तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद 21 नवंबर को पवन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद करने, समझौते की कॉपी तलाशने और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
पहले भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, पवन ताजपुर गांव का रहने वाला है और टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ अलीपुर थाने में 2012 में मारपीट व धमकी से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा अलीपुर और हरियाणा के कुंडली थाने में 2026 में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।