बल्लभगढ़ की स्टेट विजिलेंस की टीम ने एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। विजिलेंस ने रिश्वत लेने के आरोप में पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विजिलेंस सूत्रों के अनुसार भूदत्त कॉलोनी निवासी अखिलेश यादव ने विजिलेंस में दी लिखित शिकायत में कहा था कि पटवारी सहदेव बल्लभगढ़ पटवार में इंतकाल दर्ज करने में आनाकानी कर रहा था।
पटवारी काम करने के बदले उनसे पैसों की डिमांड कर रहा है। पटवारी ने काम करवाने के लिए एक हजार रिश्वत शिकायतकर्ता से मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद स्टेट विजिलेंस ने एक टीम का गठन किया।
जिसमें इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार और ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार कृष्ण कुमार थे। पटवारी ने शिकायतकर्ता को पैसे देने के लिए अपने आफिस में बुलाया था। जैसे ही पटवारी ने शिकायतकर्ता से पैसा लिए तो विजिलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने पटवारी को पैसों लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
इसके बाद टीम पटवारी को पूछताछ के लिए थाने लाई। डीएसपी विजिलेंस जयवीर राठी ने बताया कि पटवारी को एक हजार रुपये लेते विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।