दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को उस वक्त बड़ी कामयाबी हाथ लगी थी, जब उसने नौ जनवरी को कथित तीन आईएसआईएस आतंकियों को गिरफ्तार किया था। अब दिल्ली स्थित पटियाला हाउस कोर्ट ने आईएसआईएस मॉड्यूल के चारों संदिग्धों की रिमांड आठ दिनों के लिए बढ़ा दी है। इन आरोपियों में से एक गुजरात के वडोदरा और तीन को दिल्ली के वजीराबाद से नौ जनवरी को गिरफ्तार किया गया था।
बता दें कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसआईएस के तीन आतंकियों को गिरफ्तार कर दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी में आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया था। तीनों आतंकियों को मुठभेड़ के बाद दिल्ली के वजीराबाद इलाके से गिरफ्तार किया गया है। आतंकी विदेशी हैंडलर के इशारे पर 26 जनवरी के आसपास आतंकी हमला करने वाले थे। तमिलनाडु मोड्यूल के ये आतंकी आईएसआईएस से प्रभावित थे। ये नेपाल से भारत में आतंकी वारदात करने आए थे और उसकी तैयारी करने में लगे हुए थे। दिल्ली में इन्होंने किराए पर कमरा ले लिया था। आातंकी पाकिस्तान जाने की फिराक में भी थे।
स्पेशल सेल डीसीपी प्रमोद सिंह कुशवाह ने बताया था कि एक इनपुट मिला कि तुमिलनाडु के अत्यधिक कट्टरपंथी छह लोगों का समूह, जिन्होंने हिंदू मुन्नानी नेता केपी सुरेश कुमार की हत्या की थी, वे सर्शत जमानत पर हैं और रहस्यमय परिस्थितियों में तमिलनाडु गायब हो गए हैं। ये लोग आतंकी संगठन आईएसआईएस से प्रभावित है। तफ्तीश में पता लगा कि इनमें से तीन आतंकी ख्वाजा मुईदीन, सैयद अली नवाज और सैयद समद नेपाल से पूर्वी यूपी में घुसे हैं।
वहीं, गुजरात एटीएस ने वडोदरा के गोरवा इलाके से जफर अली नाम के एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया था। गुजरात एटीएस टीम के मुताबिक वह तमिलनाडु में वांटेड था। पिछले 10 से 12 दिनों से वह आईएसआईएस मॉड्यूल का प्रसार करने के लिए वडोदरा में डेरा डाले हुए था।