पुरानी दिल्ली से सवारी बन ऑटो में बैठे चार युवकों ने उस्मानपुर इलाके में चालक की गर्दन दबाकर ऑटो व अन्य सामान लूट लिया। वारदात का विरोध करने पर बदमाशों ने चालक को ब्लेड मारकर घायल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर फरार बदमाशों की तलाश की और दो बदमाशों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार सोनू पीतमपुरा इलाके मे रहता है। वह किराए पर ऑटो चलाता है। बृहस्पतिवार तड़के पुरानी दिल्ली से उस्मानपुर जाने के लिए चार युवक उसके ऑटो में बैठे। उस्मानपुर एमसीडी फ्लैट के पास चारों ऑटो से उतरने लगे। इसी दौरान युवकों ने उसकी गर्दन दबा ली। मोबाइल फोन और पैसे लूटने के बाद बदमाश ऑटो लेकर फरार हो गये।
पुलिस ने पीड़ित के साथ आस-पास बदमाशों की तलाश शुरू की। जीरो पुश्ते के पास दो बदमाश दीवार के साथ ऑटो लगाकर उसके कलपूर्जे खोल रहे थे। पुलिस ने मौके से दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। इनकी पहचान चांदनी चौक निवासी अशोक और न्यू उस्मानपुर निवासी गोविंद के रूप में हुई।
सेंधमार को गिरफ्तार कर नौ मामले सुलझाने का दावा
बेगमपुर थाना पुलिस ने एक घोषित बदमाश को गिरफ्तार कर सेंधमारी के नौ मामले सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने बदमाश की निशानदेही पर एक ज्वेलर को भी गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 520 ग्राम सोना और चार किलो चांदी बरामद की गई है।
जिला पुलिस उपायुक्त एसडी मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए बदमाश की पहचान विजय विहार निवासी सुनील कुमार और ज्वेलर की पहचान नांगलोई निवासी राकेश के रूप में हुई है। इलाके में सेंधमारी की कई घटना होने के बाद पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुटी थी।
इसी दौरान एएसआई नीरज को सुनील के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने इसके बाद सुनील को रोहिणी सेक्टर-24 से गिरफ्तार कर लिया। उससे एक पिस्टल और कारतूस भी बरामद हुए।