नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मंत्री प्रवेश वर्मा पर यमुना प्रदूषण के मुद्दे से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री के सरकारी आवास (शीशमहल) का मुद्दा उठाकर वह सरकार की नाकामियों को छुपाने का प्रयास कर रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रवेश वर्मा ने यमुना को 60 प्रतिशत साफ करने का दावा किया था, लेकिन इसके बाद नदी में हजारों मछलियां मृत मिलीं। आप ने मछलियों का पोस्टमार्टम कराने और पानी की गुणवत्ता की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की थी, लेकिन अब तक रिपोर्ट सामने नहीं आई है।
भारद्वाज ने कहा कि यमुना में झाग की तस्वीरें और वीडियो प्रदूषण की स्थिति बयां कर रहे हैं। उनके मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने भी यमुना पर भारी खर्च के बावजूद प्रदूषण बढ़ने पर चिंता जताई है। उन्होंने सीपीसीबी के हवाले से दावा किया कि दिल्ली का एक भी सीवेज शोधन संयंत्र निर्धारित मानकों के अनुरूप काम नहीं कर रहा है।