अगवा नाबालिग छात्रा को संयुक्त चिकित्सालय में मेडिकल कराने के लिए छह घंटे इंतजार करना पड़ा। डीएम ऑफिस से लेकर मुरादनगर के स्वास्थ्य अधिकारी के दफ्तर के चक्कर काटने पडे़।
पीड़िता के परिवार का दावा है कि शिकायत के बावजूद डॉक्टर बोले कि सीएमएस साहब के रिटायरमेंट की पार्टी चल रही है, पार्टी खत्म होने के बाद मेडिकल करेंगे। पार्टी खत्म होने के बाद शाम करीब सवा चार बजे पीड़िता का मेडिकल किया गया।
मुरादनगर में रहने वाली नौवीं क्लास की छात्रा रहस्यमय हालात में 26 फरवरी को गायब हो गई थी। परिजनों ने छात्रा को बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने सोमवार को छात्रा को बरामद किया।
छात्रा के परिजनों ने बताया कि उसके साथ गलत हरकत की गई है। पुलिस के साथ परिजन सुबह दस बजे छात्रा को मेडिकल कराने के लिए संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंची।