महिला सशक्तीकरण पर अधिवक्ता परिषद ने की विचार संगोष्ठी
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर स्थित बार एसोसिएशन के सभागार में सोमवार को अधिवक्ता परिषद ब्रज गौतमबुद्धनगर इकाई ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विचार संगोष्ठी की। इसमें महिला अधिवक्ताओं ने भाग लेकर महिला सशक्तीकरण, अधिकारों और न्यायिक क्षेत्र में उनकी भूमिका पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम की संयोजक सरिता कसाना और सह-संयोजक कविता नागर कसाना रहीं। अधिवक्ताओं ने कहा कि न्यायिक क्षेत्र में भी महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जो समाज में समानता और न्याय की दिशा में सकारात्मक संकेत है। सभी ने महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता और कानूनी जागरूकता को समाज के विकास के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए और समाज को भी उन्हें समान अवसर देने में सकारात्मक रुख अपनाना चाहिए।
इस दौरान अधिवक्ताओं ने महिला सम्मान और समान अधिकारों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सुरेश चंद बैसोया, अर्पित बैसोया, अनुराग त्यागी आदि मौजूद रहे। ब्यूरो