विधानसभा चुनाव के शंखनाद के साथ ही भाजपा में अंदरूनी सुर कितने बदले हुए हैं इसका अंदाजा सोमवार को हुई एक प्रेस कांफ्रेंस से पता चलता है। दरअसल हुआ यह कि सांसद प्रवेश वर्मा ने भाजपा के प्रदेश नेतृत्व की लाइन से हटकर कहा कि पार्टी जनता को फ्री में कुछ नहीं देगी। इसके लिए बाकायदा दिल्ली की जनता से पांच रुपये वसूला जाएंगे।
यह राशि गरीबों के सम्मान में होगी। हालांकि प्रेस कांफ्रेंस में प्रवेश वर्मा ने कहा कि लोगों की आय के अनुसार सब्सिडी तय की जाएगी। जो अमीर है और हर साल लाखों रुपये टैक्स भरते हैं, उन्हें सब कुछ फ्री में देना सही नहीं है। जबकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी लगातार कहते आ रहे हैं कि वे केजरीवाल की तुलना में पांच गुना ज्यादा सुविधाएं देंगे।
ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष और सांसद प्रवेश वर्मा के बयानों को लेकर प्रेस कांफ्रेंस के बाद दिल्ली में खूब चर्चाएं शुरू हो गईं। दरअसल प्रवेश वर्मा को मनोज तिवारी के विकल्प के तौर पर उनके समर्थक देखते हैं। सांसद प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आप मुफ्त कार्ड खेल रही है।