आतंकी हमले का दंश झेल चुकी देश की संसद की सुरक्षा में सेंध का शनिवार को बड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक विदेशी नागरिक ड्रोन उड़ाता रहा और संसद की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी इस बात से पूरी तरह अनभिज्ञ रहे। ड्रोन में बाकायदा रिकार्डिंग हो रही थी।
मीडियाकर्मियों के टोकने के बाद विदेशी नागरिक ड्रोन को लेकर मौके से चला गया। इस घटना केबाद दिल्ली पुलिस समेत देश की सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
नई दिल्ली जिला डीसीपी जतिन नरवाल का कहना है कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार करीब साढ़े छह बजे एक विदेशी नागरिक अपने बेटे केसाथ एंबेसी की गाड़ी में विजय चौक पर संसद के गेट नंबर -10 के पास पहुंचा।
25 फीट ऊपर तक उड़ा ड्रोन
वह संसद के पास ड्रोन को उड़ाने लगा। ड्रोन करीब 25 फीट ऊपर तक उड़ गया था। संसद के अलावा पास में प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रपति भवन आदि हैं। ये पूरी तरह नो फ्लाई जोन है।
ड्रोन जब आसमान में था उस समय संसद की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मी इससे पूरी तरह अनभिज्ञ थे। उड़ते ड्रोन पर मौजूद कुछ मीडियाकर्मियों की नजर पड़ी।
उन्होंने विदेशी नागरिक से नो फ्लाई जोन में ड्रोन उड़ाने को लेकर सवाल पूछा तो विदेशी नागरिक ने कहा कि उसे पता नहीं था कि ये नो फ्लाई जोन है।
बताया जा रहा है कि ड्रोन में रिकार्डिंग डिवाइस लगी हुई थी और विदेशी नागरिक के हाथ में मौजूद रिमोट में रिकार्डिंग दिखाई दे रही थी। विदेशी नागरिक का ये भी कहना था कि वह रिकार्डिंग को डिलीट कर देगा।
सफाई देते रहे सुरक्षाकर्मी
मीडियाकर्मियों के सवाल करने पर विदेशी नागरिक ने रिमोट कंट्रोल केजरिए ड्रोन को नीचे उतारा। इसके बाद वह ड्रोन लेकर बेटे केसाथ मौके से चला गया।
बताया जा रहा है कि विदेशी नागरिक जिस एंबेसी की इनोवा कार से आया था वह रसियन एंबेसी की है। विदेशी नागरिक को पेशे से इंजीनियर बताया जा रहा है।
डीसीपी जतिन नरवाल का कहना है कि मामले की जांच केआदेश दे दिए गए हैं। हालांकि कुछ पुलिसकर्मियों का ये कहना है कि जब विदेशी नागरिक ड्रोन को उड़ाने लगा तो सुरक्षाकर्मियों ने उसे मौके से जाने को कह दिया था।
हालांकि पुलिसकर्मियों की ये बात गले नहीं उतर रही है, क्योंकि ड्रोन काफी ऊंचाई तक पहुंच गया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है आसमान में उड़ने वाला ड्रोन था या फिर और कोई उपकरण।