जानकारी के मुताबिक किसी ने व्हाट्सएप व फेसबुक पर अफवाह फैला दी कि एक समुदाय के युवक को भीड़ ने पीटा है। इसके बाद उस समुदाय के लोगों की भारी भीड़ थाने पहुंच गई और नारेबाजी करने लगी। रात करीब 11 बजे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाने का प्रयास किया।
करीब 12.30 बजे कुछ शरारती तत्वों ने पास ही स्थित धार्मिक स्थल पर पथराव कर दिया और तोड़फोड़ भी की। इसकी सूचना मिलते ही दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए उनमें पथराव होता रहा।
तड़के तीन बजे पुलिस ने सभी लोगों को समझा बुझाकर घर भेज दिया, लेकिन सोमवार सुबह कुछ लोगों ने एक अन्य धार्मिक स्थल के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद फिर से इलाके में तनाव के हालात बन गए।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर दोनों समुदायों के मोहल्ले में बेरीकेडिंग कर दी। बावजूद इसके बवाल की कवरेज करने पहुंचे दो समाचार पत्रों के फोटोग्राफर के साथ मारपीट की गई। एक फोटोग्राफर का सिर फट गया और उसका कैमरा तोड़ दिया।