अशोक नगर बाजार में बुनियादी सुविधाओं का अभाव
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। अशोक नगर चप्पल बाजार में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है। यहां न पीने का पानी है, न सार्वजनिक शौचालय और न ही व्यवस्थित पार्किंग। इन समस्याओं के कारण दुकानदारों और ग्राहकों को रोजमर्रा की जिंदगी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अशोक नगर मार्केट व्यापारी संघ के अनुसार, वे कई सालों से पार्किंग शुल्क जमा कर रहे हैं। इसके बावजूद बाजार में कोई तय पार्किंग व्यवस्था नहीं है। मजबूरन वाहन बाजार के बीच खड़े किए जाते हैं, जिससे कारोबार भी प्रभावित होता है। व्यापारियों ने बाजार को मिनी कनॉट प्लेस की जगह व्यावसायिक भूमि उपयोग में बदलने की मांग की है।
व्यापारियों ने बाजार परिसर में व्यवस्थित पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली लगाने की मांग की है। इसके साथ ही, बिजली के खंभों पर लटक रही इंटरनेट और केबल की तारों को हटाने की भी अपील की गई है। संघ के प्रधान जयवीर सिंह ने बताया कि पार्किंग व्यवस्था न होने से कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है। व्यापारी ललित गोयल ने कहा कि शौचालय न होने से ग्राहकों और व्यापारियों को सड़क किनारे परेशानी होती है। उन्होंने प्रशासन से इस ओर तुरंत ध्यान देने का आग्रह किया।