अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सालवान पब्लिक स्कूल में बकाया व बढ़ी हुई फीस जमा न करने पर करीब 13 छात्रों के नाम काटने का नोटिस जारी होने के बाद विवाद गहरा गया है। स्कूल प्रबंधन के इस फैसले के विरोध में अभिभावकों ने सिविल लाइंस स्थित शिक्षा निदेशालय कार्यालय के बाहर शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया। खबर लिखे जाने तक अभिभावकों, शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन के बीच इस मुद्दे पर बैठक जारी थी।
अभिभावकों के अनुसार, स्कूल प्रशासन ने 23 नवंबर को नोटिस जारी कर दिल्ली स्कूल शिक्षा नियम, 1973 के नियम 35 के तहत 25 नवंबर से इन बच्चों के नाम स्कूल के रजिस्टर से हटाने की चेतावनी दी है। नोटिस में अभिभावकों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित तिथि से अपने बच्चों को स्कूल न भेजें। प्रभावित होने वाले छात्र 8 से 14 वर्ष की आयु वर्ग के हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और आगामी परीक्षाओं पर संकट खड़ा हो गया है।
बिना पूर्व स्वीकृति फीस बढ़ाने का आरोप
प्रदर्शनकारी अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने शिक्षा निदेशालय की अनिवार्य पूर्व अनुमति के बिना मनमाने ढंग से फीस में भारी बढ़ोतरी की है। अभिभावकों ने स्पष्ट किया कि वे निदेशालय द्वारा स्वीकृत वैध फीस जमा करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन स्कूल प्रशासन गैर-स्वीकृत बढ़ी हुई राशि वसूलने के लिए छात्रों पर दबाव बना रहा है।
निदेशालय से सख्त हस्तक्षेप की मांग
अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा निदेशालय पहले भी स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी कर फीस विवाद के कारण किसी भी छात्र का नाम न काटने या प्रवेश न रोकने का निर्देश दे चुका है। इसके बावजूद स्कूल ने यह सख्त कदम उठाया। अभिभावकों ने निदेशालय से तत्काल हस्तक्षेप कर निष्कासन के नोटिस रद्द कराने और बच्चों की पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रखने की मांग की है।
रश्मि शर्मा