-छात्र के आत्महत्या का मामला, पिता ने स्कूल पर लगाया प्रताड़ित करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। निजी स्कूल के दसवीं के छात्र के मेट्रो स्टेशन से कूद कर आत्महत्या करने के मामले में अभिभावकों का गुस्सा फुट पड़ा। बृहस्पतिवार को छात्र के परिजनों और अन्य बच्चों के अभिभावकों ने स्कूल के बाहर तख्तियों के साथ कैंडल मार्च निकाला। छात्र के पिता का आरोप है कि उनके बेटे ने शिक्षकों की प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या की है।
प्रदर्शन के दौरान अभिभावकों ने मांग रखी कि जिन शिक्षकों का नाम शौर्य ने सुसाइड नोट में लिखा है। उसकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए। इसके साथ ही स्कूल के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो हम सब लोग केंद्रीय शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री से न्याय की गुहार लगाएंगे। अभिभावकों का कहना था कि यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी कई बच्चों के साथ प्रताड़ना की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। बता दें कि छात्र बुधवार को दिल्ली के राजेंद्र प्लेस मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से कूद गया था। अस्पताल ले जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया था।