अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। जिले के शकरपुर, मंडावली और पांडव नगर क्षेत्र में लंबे समय से गंदे पानी की समस्या से जूझ रहे लाखों लोगों के लिए राहत दिलाने के लिए काम शुरू हो गया है। दिल्ली जल बोर्ड ने क्षेत्र में जलापूर्ति सुधारने और दूषित पानी की समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए व्यापक कार्य योजना तैयार की है। इसके तहत मुख्य सड़कों और गलियों में वर्षों पुरानी जर्जर व क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों को बदलने का काम शुरू किया जा रहा है।
विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इन घनी आबादी वाले वार्डों में पीने के पानी में सीवर व गंदगी मिलने की शिकायतें लगातार बनी हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुरानी लाइनें जर्जर होने के कारण पेयजल आपूर्ति के दौरान दूषित जल मिक्स हो जाता है। जल बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना के तहत लगभग 100 एमएम से 200 एमएम की आधुनिक डक्टाइल आयरन (डीआई) पाइपलाइनें बिछाई जाएंगी। यह नई लाइनें न केवल अधिक मजबूत और टिकाऊ होंगी, बल्कि इनमें लीकेज और जंग लगने की आशंका भी न के बराबर रहेगी।
योजना के तहत घरों के पुराने कनेक्शनों को भी सुधारा जाएगा और जहां जरूरत होगी, वहां मरम्मत का काम तेजी से निपटाया जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि इस परियोजना के पूरा होते ही क्षेत्र के करीब दो लाख से अधिक लोगों को साफ और पर्याप्त दबाव के साथ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान जलभराव रोकने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश संबंधित टीमों को जारी किए गए हैं।