जुनैद हत्याकांड के बाद मची सियासत में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी कूद पड़े हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जाहिर की है। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथ भी लिया है।
बता दें राहुल गांधी इस समय विदेश में है। इसलिए बृहस्पतिवार को उनका संदेश लेकर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक जुबैर खान खंदावली पहुंचे। उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग भी की।
कांग्रेसी नेता जुबैर खान ने परिजनों को पूर्ण आश्वासन दिया कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करेंगे और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने में पार्टी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में देश व प्रदेश में गुंडाराज का माहौल बना रखा है। हर वर्ग इस सरकार में दुखी है। आज आम आदमी अपने आपको घर में भी सुरक्षित नहीं रख पा रहा है।
उन्होंने कहा कि गांव के लोग डर के माहौल में जी रहे हैं। यह बड़े अफसोस की बात है कि इस क्षेत्र में इतनी बड़ी घटना हो गई। लेकिन प्रदेश सरकार को कोई मंत्री, सांसद अभी तक परिजनों के पास नहीं पहुंचा और ना ही किसी तरह का बयान अभी तक जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इस घटना पर अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने पार्टी को निर्देश दिए है कि वे प्रदेश सरकार पर पीड़ित परिवार को न्याय व मुआवजे दिलवाने के लिए दबाव बनाएं।