सीमा पर लगातार हो रहे संघर्ष विराम के उल्लंघन पर सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग ने पाकिस्तान को करारा जवाब देने की चेतावनी दी है।
उन्होंने साफ कहा कि जब तक सीमा पर फायरिंग नहीं रुकेगी कोई फ्लैग मीटिंग नहीं होगी। सेना प्रमुख बुधवार को वायुसेना के 82वें स्थापना दिवस पर परेड के बाद हिंडन एयरबेस पर पत्रकारों से मुखातिब थे।
दलबीर सिंह ने कहा कि पहले पाकिस्तान फायरिंग रोके, उसके बाद ही फ्लैग मीटिंग के बारे में सोचा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की ओर से उन्हें पाक से बातचीत के संबंध में कोई निर्देश नहीं मिला है।
केंद्र ने हालात से निपटने के लिए सेना को पूरी छूट दी हुई है और सेना मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। पाकिस्तान की ओर से भारत पर लगाए जा रहे सीजफायर उल्लंघन के आरोपों को भी सुहाग ने सिरे से नकार दिया।
सीमा पर हालात चिंताजनक: वायु सेना प्रमुख
पाकिस्तान की ओर से हो रहे संघर्ष विराम के उल्लंघन से सीमा पर हालात चिंताजनक हैं। हालांकि सेना पूरी तरह सतर्क है। रक्षामंत्री अरुण जेटली को तीनों सेना प्रमुखों ने ताजा हालात की जानकारी दे दी है।
वायुसेना प्रमुख अरूप राहा ने हिंडन एयरबेस पर पत्रकारों से यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री की ओर से उन्हें शांति बहाली के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश मिले हैं।