कूटनीतिक मंच पर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से तल्खी का असर अब सांस्कृतिक मंच पर भी पड़ने लगा है। इस बार सूरजकुंड मेले के लिए सरकार की तरफ से 50 से ज्यादा देशों को निमंत्रण भेजा गया है, जिनमें से 16 देशों ने मेले में शामिल होने की स्वीकृति भेज दी है।
पाकिस्तान को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। मंगलवार को राज्य के पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा ने स्पष्ट कर दिया कि इस बार पाकिस्तान को निमंत्रण ही नहीं भेजा गया।
पिछले साल भारत-पाक विवाद का असर दोनों देशों के बीच रिश्तों पर पड़ा है।
पाकिस्तानी सेना ने कई बार सीज फायर का उल्लंघन किया। दोनों देशों के बीच तल्खी का माहौल बना रहा। हर साल सूरजकुंड मेले के लिए सार्क देशों के साथ अन्य को निमंत्रण भेजा जाता है, ताकि वहां के हस्तशिल्पियों को भी अपनी कला का प्रदर्शन करने का मौका मिल सके।
भारत-पाक के बीच गहराए विवाद के बाद सूरजकुंड मेले में पाकिस्तान के शामिल होने को लेकर असमंजस की स्थिती बनी हुई थी। पहले पर्यटन निगम के अधिकारी यह कहकर बचते रहे कि निमंत्रण भेजा गया, आना न आना पाकिस्तान पर निर्भर करता है।
मंगलवार को पर्यटन मंत्री के सामने फिर यही प्रश्न उठा, लेकिन उन्होंने स्पष्ट कहा कि पाकिस्तान को निमंत्रण ही नहीं भेजा गया है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष 23 देश मेले में आए थे, इस बार पहले से ज्यादा देश आने की उम्मीद है। 16 देश स्वीकृति दे चुके हैं। 10 देशों के साथ बातचीत चल रही है।
गीता-बबीता फोगाट
फरीदाबाद। पर्यटन मंत्री ने कहा कि जब तक बॉलीवुड में हरियाणवी बोली का एक-दो वाक्य न बोला जाए तब तक मजा नहीं आता। सुल्तान और दंगल इसका उदाहरण हैं। हरियाणा की बेटियों ने खेल के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का नाम रोशन किया है। इस बार मेले में गीता और बबीता फोगाट के अलावा साक्षी मलिक को विशेष तौर पर आमंत्रित किया जाएगा। हरियाणा पर्यटन के ब्रांड एंबेसेडर धर्मेंद्र को बुलाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनसे भी बातचीत चल रही है।
मोबाइल ऐप होगा लॉच
सूरजकुंड मेले से पहले मोबाइल ऐप लांच करने की तैयारी है। इस ऐप के माध्यम से दर्शक सूरजकुंड मेला परिसर से जुड़ी जानकारियां हासिल कर सकेंगे। इसके अलावा कोई सुझाव या फिर समस्या भी बता सकते हैं।
पर्यटन मंत्री ने किया दौरा
राज्य के शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा ने सूरजकुंड मेले की तैयारियों का मंगलवार को जायजा लिया। उन्होंने मेला परिसर का दौरा किया। इससे पहले अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि 26 महीने से हरियाणा सरकार कीर्तिमान स्थापित कर रही है। स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवासी दिवस मनाया, जिसमें 24 देश से 475 प्रतिनधि आए। आठ लाख करोड़ के 392 एमओयू साइन हुए। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गीता जयंती का आयोजन सफल रहा।
इसमें 20 लाख लोग पहुंचे। 31वां सूरजकुंड मेला भी स्वर्ण जयंती वर्ष में है। मेले को खास बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। इस बार मेले में स्टॉल के लिए हजारों आवेदन आए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार 130 स्टॉल अधिक लगाए जाएंगे।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मेले का उद्घाटन केंद्रीय पर्यटन मंत्री डॉ. महेश शर्मा करेंगे। हरियाणा और झारखंड के मुख्यमंत्री उद्घाटन समारोह में शिरकत करेंगे।