पश्चिमी दिल्ली सबसे आगे, नई दिल्ली में सबसे कम आवेदन दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख 25 नवंबर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और सूची में संशोधन कराने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली की ओर से 14 नवंबर को जारी आंकड़ों के अनुसार, 31 अगस्त से 13 नवंबर के बीच फॉर्म-6 के कुल 3,08,857 आवेदन मिले हैं। इससे पहले 30 अगस्त तक 2,12,400 आवेदन प्राप्त हुए थे।
जिलावार आंकड़ों के अनुसार, पश्चिमी दिल्ली 37,613 आवेदनों के साथ पहले स्थान पर है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 29,988, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में 29,739, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में 29,530 और पूर्वी दिल्ली में 29,328 आवेदन मिले हैं। वहीं, नई दिल्ली में सबसे कम 5,523 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के तहत 31 अगस्त से 13 नवंबर तक 31,807 आवेदन मिले। इससे पहले 30 अगस्त तक 51,471 आवेदन प्राप्त हुए थे। वहीं, पता बदलने और अन्य संशोधनों के लिए फॉर्म-8 के तहत 1,13,446 आवेदन आए हैं। इसके अलावा, विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं से संबंधित फॉर्म-6ए के 555 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी है। इस तारीख तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 15 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी।
जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे घोषणा पत्र और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। एक अक्तूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।