हरियाणा के फरीदाबाद जिले से होने वाली अवैध शराब की तस्करी नहीं थम रही है। पुलिस आए दिन शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर मामले का भंडाफोड़ कर रही है।
बीते पांच माह में फरीदाबाद पुलिस ने 377 अवैध शराब तस्करी के मामले दर्ज कर 403 लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया है। इनसे पुलिस ने कुल 33664.3 लीटर अवैध शराब बरामद की है।
इसमें 9925.25 लीटर अंग्रेजी शराब, 21858.25 लीटर देशी शराब, 2816 बोतल बीयर, 1880.8 लीटर कच्ची शराब शामिल है। इसके अलावा कई लोग पुलिस की आंख में धूल झोंककर फरार भी हुए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिले से अवैध शराब की जमकर तस्करी की जा रही है।
कब-कब पकड़ी अवैध शराब:
-एक अप्रैल को सेक्टर-65 क्राइम ब्रांच टीम ने दो शराब तस्करों दीपक व राजेश निवासी रहाहार को बल्लभगढ़ में आकाश सिनेमा के पास से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अलग-अलग गाड़ियों में लदी 405 पेटी अवैध शराब बरामद की थी। जिसमें 300 पेटी देशी शराब, 84 पेटी अंग्रेजी शराब व 21 पेटी बीयर शामिल थी।
-20 अप्रैल को सेक्टर-सात थाना क्षेत्र में नौ लोगों को गिरफ्तार कर 20 पेटी अंग्रेजी, 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
- 24 मई को क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 ने 85 पेटी अवैध शराब बरामद कर सेक्टर-18 निवासी महेंद्र को गिरफ्तार किया था।
- 16 जून को क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने 195 पेटी देशी शराब लदे एक ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया था।
- 30 जुलाई को एनआईटी क्राइम ब्रांच ने 140 पेटी बीयर व 30 पेटी अंग्रेजी शराब समेत बलदेव व हंसराज नामक आरोपी को गिरफ्तार किया।
- चार अगस्त को सेक्टर-30 क्राइम ब्रांच ने 90 पेटी अंग्रेजी शराब व 70 पेटी बीयर लदा एक ट्रक को पकड़ा। जिसे सागर नाम का एक आरोपी लेकर जा रहा था।