अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय (एयूडी) में अब भी खाली पड़ी सीटों पर दाखिले के लिए विश्वविद्यालय वॉक-इन स्पेशल एडमिशन ड्राइव शुरू करेगा। इसके तहत चुनिंदा स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार 9 से 14 सितंबर तक विश्वविद्यालय के संबंधित ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। जिन उम्मीदवारों ने पहले ही संबंधित पाठ्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी।
दाखिले के लिए उम्मीदवारों को 16 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक विश्वविद्यालय के कश्मीरी गेट कैंपस में रिपोर्ट करना होगा। उपलब्ध सीटों के आधार पर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दाखिला दिया जाएगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक पाठ्यक्रम के लिए एडमिशन ब्रोशर में निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता पूरी करना अनिवार्य है।
जिन उम्मीदवारों ने सीयूईटी नहीं दिया है, वे बीए-बीएड को छोड़कर अन्य पात्र पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
दाखिला मिलने पर निर्धारित शुल्क मौके पर ही जमा करना होगा। दस्तावेजों में कमी पूरी करने या शुल्क जमा करने के लिए अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। उम्मीदवार उपलब्ध सीटों और पाठ्यक्रमों से जुड़ी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।