कर्मयोगी आवास योजना-2026 में 25% विशेष छूट, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर आवंटन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डीडीए की कर्मयोगी आवास योजना-2026 के तहत नरेला में घर खरीदने का मौका अभी भी उपलब्ध है। सेक्टर ए-1 से ए-4 के पॉकेट-11 में तैयार मकानों में 1 बीएचके श्रेणी के सभी मकान बिक चुके हैं। अब योजना के तहत 2 बीएचके और 3 बीएचके श्रेणी के मकान खरीदारों के लिए उपलब्ध हैं।
योजना में सरकारी कर्मचारियों के साथ निजी क्षेत्र में कार्यरत पेशेवर और स्वरोजगार से जुड़े लोग भी घर खरीद सकते हैं। डीडीए इन मकानों पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट दे रहा है। मकानों का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जा रहा है। इसके चलते इच्छुक खरीदार उपलब्ध मकानों में अपनी पसंद के अनुसार बुकिंग कर सकते हैं।
नरेला के सेक्टर ए-1 से ए-4 स्थित पॉकेट-11 में बनाए गए ये मकान तैयार स्थिति में हैं। योजना शुरू होने के बाद 1 बीएचके मकानों की मांग अधिक रही, जिसके चलते इस श्रेणी की पूरी उपलब्धता समाप्त हो गई है। वहीं, 2 बीएचके और 3 बीएचके मकान अभी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
डीडीए की इस योजना का उद्देश्य विभिन्न पेशेवर वर्गों को दिल्ली में अपेक्षाकृत किफायती दर पर अपना घर उपलब्ध कराना है। 25 प्रतिशत की विशेष छूट से खरीदारों को सामान्य कीमत की तुलना में कम दर पर मकान लेने का अवसर मिल रहा है।