नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) के विभिन्न यूजी एवं पीजी प्रोग्राम में अनाथ कोटे से दाखिले के लिए 22 अगस्त तक ऑफलाइन आवेदन किया जा सकता है। यूनिवर्सिटी के 13 स्कूल एवं एक स्पेशलाइज्ड सेंटर में विभिन्न यूजी एवं पीजी प्रोग्राम में एक-एक अतिरिक्त सीट इस कोटे से दाखिले के लिए निर्धारित की गई हैं।
आवेदन के साथ किसी मान्यता प्राप्त बाल कल्याण प्राधिकरण से जारी माता-पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र भी लगाना है। आवेदन यूनिवर्सिटी के कुलसचिव के नाम से देय 2500 रुपये के बैंक ड्रॉफ्ट के साथ यूनिवर्सिटी सुविधा केंद्र द्वारका कैंपस में 22 अगस्त तक किया जा सकता है। यूनिवर्सिटी द्वारा पिछले साल शुरू किए गए एकल बालिका कोटा की तर्ज पर दोनों कैंपस में चल रहे यूनिवर्सिटी स्कूल एवं सेंटर के यूजी और पीजी प्रोग्राम में एक अतिरिक्त सीट इस कोटे से भरी जाएंगी। कोटे से दाखिला लेने वाले छात्र की पूरी फीस माफ कर दी जाएगी। इसके लिए छात्र को यूनिवर्सिटी द्वारा चलाई जा रही वित्तीय सहायता योजना ईडब्लूएस स्कीम में सौ फीसदी फीस छूट के लिए आवेदन करना होगा। ब्यूरो