मोबाइल कंपनी ओप्पो ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा में 145 करोड़ रुपये कीमत की जमीन की रजिस्ट्री कराई। कंपनी ने शनिवार से ही निर्माण शुरू करने और इस साल के अंत तक उत्पादन शुरू करने की जानकारी दी है।
कंपनी 1000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और 30 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। ओप्पो कंपनी की सीईओ असिस्टेंट सोफी शुक्रवार दोपहर सहयोगियों के साथ ग्रेटर नोएडा के रजिस्ट्री दफ्तर पहुंचीं।
सब रजिस्ट्रार तेज सिंह यादव ने सेक्टर-ईकोटेक 7 स्थित करीब 4.45 लाख वर्ग मीटर जमीन की रजिस्ट्री संपन्न कराई। ओप्पो को स्टांप शुल्क से पूरी तरह छूट मिली है, जिसके चलते सिर्फ 100 रुपये के स्टांप पेपर पर रजिस्ट्री हुई है।
हालांकि, करीब 9.67 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी जमा कराई गई है। तय समय में अगर निर्माण पूरा कर उत्पादन शुरू नहीं किया गया तो बैंक गारंटी जब्त हो जाएगी। निर्माण पूरा कर उत्पादन शुरू करने के लिए 7 मार्च 2020 तक का समय दिया गया है।