पुलिस का अभियान ‘ऑपरेशन स्माइल’ शुक्रवार को बाल दिवस पर पूरा हो गया। इसके तहत पुलिस लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आईजी (मेरठ जोन) आलोक शर्मा ने कहा कि ये समापन नहीं, शुरुआत है।
ऑपरेशन स्माइल कभी खत्म नहीं होगा। ये हमेशा थानों और चौकियों में चलता रहेगा। इस अभियान केतहत दो माह से गाजियाबाद पुलिस ने 228 बच्चे बरामद किए। इनमें 80 गाजियाद और बाकी अन्य जिलों और प्रदेशों के हैं। इनमें 26 बालिकाएं हैं।
आईजी आलोक शर्मा ने ‘ऑपरेशन स्माइल’ पुस्तक का विमोचन किया गया। बच्चों को बरामदगी के दौरान बनाई 15 मिनट की डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई।
अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले नोडल अधिकारी सीओ रणविजय सिंह और 38 पुलिस टीमों को शील्ड और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जीडीए वीसी, डीआईजी मेरठ रेंज, डीएम, एसएसपी समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
‘गाजियाबाद पुलिस को धन्यवाद’
विजयनगर के मोहित और दिल्ली के समीर समेत 25 बच्चे और उनकेपरिजनों को भी कार्यक्रम में बुलाया गया था। परिजनों ने गाजियाबाद पुलिस का शुक्रिया अदा किया। कई परिवार तो बच्चों के मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे।