एसएसपी के निर्देश पर दोबारा शुरू किए गए आपरेशन स्माइल की टीम ने पहले ही दिन परिवार से बिछड़े 12 बच्चों को नई दिल्ली से बरामद किया है। इनमें पांच बच्चे गाजियाबाद, चार अलीगढ़, एक-एक बलिया व सिद्धार्थनगर और एक मेरठ के हैं।
10 बच्चे दिल्ली रेलवे स्टेशन से बरामद हुए हैं जबकि दो शेल्टर होम में मिले हैं। बरामद बच्चों के नाम भोला, कविता, देवा, कमल, सुनील, जितेंद्र, बंटी, गौतम, आकाश चौधरी व विष्णु सहित दो अन्य हैं।
ऑपरेशन स्माइल के इंचार्ज और सीओ द्वितीय रणविजय सिंह ने बताया कि जनपद से लापता हुए 109 बच्चों क ो ढूंढने के लिए 25 टीमों को लगाया गया है।
ये टीमें दिल्ली, जयपुर, मथुरा, आगरा, देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, गुड़गांव, फरीदाबाद व नोएडा जाकर बच्चों क ो तलाशेंगी। उन्होंने बताया कि रविवार को मिले बच्चों के परिजनों को सूचना भेज दी गई है। फिलहाल उन्हें शेल्टर होम में रखा गया है।
परिजनों के आने पर सुपुर्दगी की कार्रवाई पूरी कर बच्चों को उन्हें सौंप दिया जाएगा। सीओ रणविजय सिंह ने बताया कि सभी बच्चे कई वर्षों से परिवारों से बिछड़े हुए हैं। परिजनों को उनकी मौजूदगी का भी नहीं पता था। उन्होंने बताया कि यह अभियान 31 जनवरी तक चलाया जाएगा।