राजधानी दिल्ली की मंडियों में प्याज की आवक कम होने से कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है। आढ़तियों की मानें तो आने वाले समय में दूसरे राज्यों से आवक कम होने से थोक बाजार में प्याज का दाम पचास रुपये तक पहुंच सकता है। इसका सीधा असर खुदरा बाजार पर पड़ेगा।
राजधानी की मंडियों में पिछले एक हफ्ते में प्याज की आवक में गिरावट आई है। रोजाना सौ ट्रक की आवक वाली आजादपुर मंडी में सोमवार को सिर्फ 45 ट्रक प्याज ही आया।
दो दिनों में 81 ट्रक प्याज राजस्थान, जबकि नौ ट्रक प्याज मध्य प्रदेश से आया। आढ़तियों की मानें तो थोक बाजार में राजस्थानी प्याज की कीमत 15-20 रुपये प्रति किलो व मध्य प्रदेश की 20-25 रुपये के बीच रही। सोमवार को प्याज का दाम पिछले हफ्ते से आठ रुपये ज्यादा रहा।