कृष्णा नगर स्थित सरकारी स्कूल में प्रार्थना के दौरान दसवीं कक्षा के छात्र ने ग्यारहवीं के छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित छात्र को पास के अस्पताल में भर्ती कराया कराया गया। शिक्षकों ने आरोपी छात्र को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय छात्र सपरिवार जगतपुरी इलाके में रहता है। उसके पिता का देहांत हो चुका है। परिवार में मां और दो बड़े भाई हैं। वह कृष्णा नगर के चंदर नगर स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय में 11वीं कक्षा में पढ़ता है। बृहस्पतिवार को प्रार्थना के दौरान दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र उसके पास आया और उसे प्रार्थना के बीच से कुछ दूरी पर ले गया।
इसके बाद आरोपी ने बैग से चाकू निकाल लिया। यह देखकर एक शिक्षक उस ओर दौड़े लेकिन तब तक आरोपी ने पीड़ित छात्र पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित छात्र के हाथ, कमर, पीठ और पैर में पांच जगहों पर चाकू लगे हैं। शिक्षकों ने तुरंत जख्मी छात्र को हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की जानकारी पीड़ित छात्र के परिजनों और पुलिस को दी गई। पूछताछ में आरोपी छात्र ने पुलिस को बताया कि बुधवार को उनके बीच झगड़ा हुआ था। पीड़ित छात्र ने अपने दोस्तों के साथ उसकी बेल्ट से पिटाई कर दी थी। इसी चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया है। पता चला कि दोनों छात्र पहले एक साथ पढ़ते थे। आरोपी छात्र दसवीं कक्षा में फेल हो गया था।