देश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। आम लोगों से लेकर अधिकारी वर्ग तक हर कोई इसकी चपेट में आ रहा है। मंगलवार को नीति आयोग के एक अधिकारी को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। नीति आयोग में उप-सचिव अजित कुमार ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इस मामले के सामने आने के बाद उचित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कदम उठाए जा रहे हैं। दो दिन के लिए पूरे भवन को सील कर दिया गया है ताकि सैनिटाइजेशन का काम कराया जा सके।
वहीं एक दूसरे अधिकारी ने बताया कि 'नीति भवन' में काम करने वाले एक निदेशक स्तर के अधिकारी का कोरोना वायरस परीक्षण सही पाया गया। उन्हें अपने कोरोना वायरस से संक्रमित होने की रपट मंगलवार सुबह नौ बजे मिली। उसके बाद उन्होंने अधिकारियों को सूचित किया।कुमार ने कहा कि उनके संपर्क में आए लोगों को स्वयं पृथक होकर रहने के लिए कह दिया गया है।
उन्होंने कहा, 'हम सभी अनिवार्य प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय को सूचित कर दिया गया है। सभी प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा। इसलिए अभी हमने इमारत को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया है।'
हाल में नागर विमानन मंत्रालय के मुख्यालय को भी सील किया था। वहां भी एक कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था जो 15 अप्रैल को दफ्तर गया था।
24 घंटे में 1543 नए मामले, 62 की मौत
देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1543 नए मामले सामने आए हैं और 62 लोगों की मौत हो गई है, जो अब तक सर्वाधिक है।
अब देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 29,435 हो गई है, जिसमें 21,632 सक्रिय हैं, 6,869 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 934 लोगों की मौत हो चुकी है।