दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में सोमवार को फैक्टरी में एक किशोर की कैंची से वार कर हत्या कर दी गई। उसके गले पर तीन से चार बार वार किए गए। गोविंदपुरी थाना पुलिस ने तीन पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी अफसर (28) को गिरफ्तार कर लिया है।
दक्षिण-पूर्वी जिला डीसीपी आरपी मीणा के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि दो समुदायों में दंगा हो गया है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, तो पता लगा कि दंगे जैसी कोई बात नहीं है।
सलमान तुगलकाबाद की गली नंबर-22 में रहता है। सलमान व कमर अहमद मास्क बनाते थे। इनको मास्क बनाने का ठेका मुमताज नाम की महिला देती थी। प्रति मास्क दस रुपये मिलते थे। बाद में मुमताज ने मास्क बनाने का ठेका अख्तर को दे दिया।
सलमान व कमर अहमद ने मुमताज से बात की, तो उसने बताया कि अख्तर 9 रुपये में मास्क बना रहा है। साथ में अख्तर मास्क पर सिल्वर क्लिप भी लगा रहा है। इसके बाद मास्क व सिल्वर क्लिप देखने के लिए सलमान, कमर अहमद व मुमताज अख्तर की फैक्टरी में पहुंच गए।
यहां कहासुनी होने लगी, तभी अफसर भी पहुंच गया। अफसर ने ही अख्तर को मुमताज से मिलवाया था। कहासुनी होने लगी तो अख्तर व उसके दो बेटों ने कमरा बंद कर लिया और कैंची से सलमान की गर्दन पर वार कर दिए।