दिल्ली में कोरोना वायरस से एक और कैंसर मरीज की मौत हो गई है। राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती मरीज ने संक्रमण के चलते बृहस्पतिवार को दम तोड़ दिया। इसी अस्पताल में एक और कोरोना संक्रमित कैंसर मरीज वेंटिलेटर पर है। इससे पहले भी एक कैंसर मरीज की मौत हो चुकी है। यह तीनों मरीज दिल्ली कैंसर अस्पताल में संक्रमित हुए थे। उधर, दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में 62 तब्लीगी जमातियों को छुट्टी दे दी गई।
पूर्वी दिल्ली स्थित राज्य कैंसर संस्थान में एक महिला डॉक्टर के संक्रमित होने के बाद अब तक 28 से ज्यादा लोग संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें तीन डॉक्टर, 18 नर्स, चार मरीज, एक तीमारदार, एक सुरक्षा गार्ड और एक नर्स का दो वर्षीय बेटा भी शामिल है। चार में से एक कैंसर मरीज ने रिपोर्ट आने से पहले ही दम तोड़ दिया था।
बाकी तीनों कैंसर मरीजों को राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया था। बृहस्पतिवार को तीन में से एक मरीज ने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, एक मरीज को वेंटिलेटर पर रखा हुआ है, जबकि दूसरा कैंसर मरीज भी आईसीयू में है।
द्वारका के सेक्टर-आठ भेजे गए जमाती
लोकनायक अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को 62 तब्लीगी जमातियों को छुट्टी दे दी गई। 14 दिन उपचार के बाद इनकी दोबारा जांच कराने पर रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल इन्हें 14 दिन के लिए द्वारका सेक्टर-आठ स्थित क्वारंटीन केंद्र पर भेजा गया है। यहां इनकी निगरानी जारी रहेगी। 14 दिन का वक्त पूरा होने के बाद ही इन्हें घर भेजा जाएगा। इनमें से अधिकांश तब्लीगी जमाती बाहरी राज्य और विदेशी नागरिक हैं।