हरियाणा स्वर्ण जयंती समारोह के आयोजन को लेकर कार्यक्रम स्थल के पास की सभी हाइराइज भवनों पर भी सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। ऐसे कई भवनों या स्थानों को कवर किया जा रहा है। ताकि कार्यक्रम स्थल पर किसी भी संदिग्ध द्वारा नजर न रखी जा सके। नजदीक ही स्थित 14 फ्लोर वाले मेदांता अस्पताल की ऊपर की फ्लोर खाली कराई गई हैं। यहां पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
राजीव चौक के नजदीक सोहना रोड से सटे ताऊ देवीलाल स्टेडियम में एक नंवबर को हरियाणा स्वर्ण जयंती कार्यक्रम का आयोजन होना है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अलावा विदेशी निवेशक समेत काफी संख्या में वीवीआईपी शामिल होंगे। मौजूदा हालात व त्योहारों के मद्देनजर इस बार सुरक्षा मानकों का अधिक ख्याल रखा जाएगा।
कार्यक्रम स्थल के नजदीक कई हाइराइज बिल्डिंगें हैं, जिनकी छतों से सीधे कार्यक्रम स्थल के अंदर तक देखा जा सकता है। पीएम की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए कार्यक्रम स्थल के नजदीक एक निर्माणाधीन भवन को मुख्यमंत्री के होर्डिंग से कवर किया गया है। इसके अलावा इन भवनों में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे।
सुरक्षा को लेकर शहर में करीब आठ हजार पुलिसकर्मियों की डयूटी लगाई गई है। साथ ही 20 आईपीएस अधिकारियों को लगाया गया है। सेक्टर-29 लेजरवैली पार्क में बनाए गए हेलीपेड पर भी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल में भी अभी से आवाजाही पर कड़ी सुरक्षा बरती जा रही है। प्राइवेट वाहनों के अंदर जाने पर रोक लगा दी गई है। इन वाहनों के लिए इस्लामपुर में पार्किंग का इंतजाम किया गया है।
समारोह स्थल के पास कई अस्पताल हैं। डयूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि एंबूलेंस व बीमार व्यक्ति को ले जा रहे वाहन को जल्दी व नजदीकी रास्ते से अस्पताल पहुंचाने में मदद करें। यदि मेडिकल इमरजेंसी में किसी व्यक्ति को पुलिस की मदद की जरूरत है तो वह तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम-100, 2316100, डीसीपी ट्रैफिक-9999981808, डीसीपी ईस्ट-9999981804 पर फोन कर सकता है। -बलबीर सिंह, डीसीपी ट्रैफिक