दिल्ली के कैंट इलाके में एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनका आर्मी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दोनों अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार शनिवार रात साढ़े दस बजे दिल्ली कैंट थाना की पुलिस गश्त कर रही थी।
एयरफोर्स स्टेशन के पास सड़क पर लोगों की भीड़ देखकर पुलिस टीम वहां पहुंची। जहां पुलिस ने तीन युवकों को जख्मी हालत में देखा। पास ही एक बाइक क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी थी और पटरी पर खून बिखरा हुआ था।
पुलिस ने तीनों युवकों को आर्मी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने पालम कालोनी निवासी मनोज कुमार(26) को मृत घोषित कर दिया। जबकि पालम कालोनी निवासी धर्मेंद्र रावत(26) और उत्तम नगर निवासी अतुल (25) का इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि हेलमेट नहीं होने की वजह से घायल हुए युवकों के सिर में गंभीर चोट लगी है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। प्राथमिक जांच में पता चला कि तीनों युवक दोस्त थे और रात में तीनों एयरपोर्ट की तरफ से पालम की ओर आ रहे थे।
इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पटरी पर चढ़ गई और बिजली के खंभे से टकरा गई। पुलिस ने मनोज के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की जांच कर रही है।