दिल्ली के भजनपुरा इलाके में संदिग्ध हालात में महिला की मौत हो गई। मृतका की शिनाख्त ज्योति सक्सेना (22) के रूप में हुई है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गला घोंटकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।
वहीं ज्योति के ससुराल वालों का कहना है कि बाथरूम में नहाते समय ज्योति बेहोश हो गई थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसडीएम को दिए बयान के आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से गांव लेहरपुर, हसनपुर, पलवल की रहने वाली ज्योति अपने पति रोहित सक्सेना के साथ विजय पार्क, मौजपुर में रहती थी। रोहित का फोटोग्राफी का काम है। ज्योति की रोहित से करीब डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। दोनों का चार माह का एक बेटा है।
शुक्रवार शाम को रोहित ने ज्योति के पिता लक्ष्मण को सूचना दी कि उनकी बेटी की मौत हो गई है। ज्योति का परिवार फौरन पलवल से दिल्ली आ गया। रोहित ने बताया कि ज्योति नहाते समय बेहोश हो गई थी, उसे जगप्रवेशचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को दी। परिवार के मुताबिक ज्योति के पति रोहित की किसी महिला से अवैध संबंध हैं। इसकी वजह से उनकी बेटी को परेशान किया जाता था। दहेज के लिए भी उसे परेशान किया जाता था। परिवार की शिकायत पर क्षेत्रीय एसडीएम ने पुलिस को दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।