देश भर के टोल प्लाजा पर एक ही स्मार्ट कार्ड से टोल वसूलने की तैयारी चल रही है। इंडियन हाईवे मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (आईएचएमसीएल) टोल पर यात्रा को सुगम बनाने के लिए यह नई व्यवस्था शुरू करने वाली है।
कंपनी ने अब तक गुड़गांव सहित देश के 16 शहरों में नई व्यवस्था के तहत इलेक्ट्रानिक टोल कलेक्शन लेन विकसित किया है।
जबकि, अगले तीन महीनों में ऐसे ही लेन का निर्माण देश के बाकी टोल प्लाजा पर भी होगा। इसके बाद यह सुविधा पूरी तरह से शुरू की जा सकेगी।
वीजा डेबिट कार्ड की तरह स्मार्ट कार्ड
बता दें कि एनएचएआई ने देश के सभी टोल प्लाजा को जोड़ने की जिम्मेदारी आईएचएमसीएल को सौंपी है। इसके बाद इसने आईसीआईसीआई बैंक से करार किया ताकि वीजा डेबिट कार्ड की तरह स्मार्ट कार्ड तैयार किए जा सकें।
कार्ड धारकों के लिए अलग लेन का निर्माण कराया जा रहा है। योजना पूरी होने पर वाहन चालक अपना कार्ड रिचार्ज कराने के बाद पैसा खत्म होने तक देश के किसी भी टोल प्लाजा के विशेष टैग लेन से निर्बाध आ जा सकते हैं।
आईएचएमसीएल के प्रबंध निदेशक विवेक रस्तोगी का कहना है कि एनएचएआई की यह महत्वाकांक्षी योजना अगले तीन महीने में पूरे देश में लागू हो जाएगी। टोल प्लाजा पर टैग लेन का निर्माण ईटीसी टेक्नोलॉजी के आधार पर किया जा रहा है।
एनसीआर को मिलेगा अधिक लाभ
एनएचएआईए की नई व्यवस्था से सर्वाधिक लाभ दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मिलेगा। इस वक्त बदरपुर बार्डर, इंदिरा गांधी एयरपोर्ट प्लाजा, दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेस वे के खेड़कीदौला, डीएनडीए और गुड़गांव-फरीदाबाद प्लाजा पर टोल वसूलने की अलग-अलग व्यवस्था है।
यानी एक टोल का टैग दूसरे पर पर नहीं चलता। नई व्यवस्था में सभी एकीकृत हो जाएंगे। टोल की व्यवस्था देखने वाली कंपनी ने अब स्मार्ट कार्ड की लिमिट एक महीने से बढ़ाकर एक साल का कर दिया है। यानी एक महीने की जगह इसका इस्तेमाल अब एक साल तक कर सकते हैं।
कपंनी और एनएचआईए का तर्क है कि टोल प्लाजा को जाम फ्री बनाने और वाहन चालों पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए स्मार्ट कार्ड की अवधि एक माह से बढ़ाकर एक साल की गई है। इसका लाभ होने पर टैग यूजर की संख्या भी बढ़ेगी।
एक रीचार्ज पर लगेंगे 40 चक्कर
दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेसवे से गुजरने वालों को खेड़कीदौला टोल जाम से जूझने के अलावा महंगा पड़ रहा है। इससे बचाने के लिए निरंतर कवायदें चल रही हैं।
एनएचएआई के आदेश पर एक साल के लिए कार्ड बनाने के लिए टोल कंपनी ने आम रेट की तुलना में भारी छूट देने का ऐलान किया। लंबी अवधि के लिए स्मार्ट कार्ड बनाने पर सामान्य रेट से दो तिहाई छूट मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि दो महीना पहले खेड़कीदौला टोल पर स्मार्ट कार्ड बनाने का सिलसिला शुरू हुआ था। अब तक 30 हजार यूजर हो चुके हैं। जबकि नई व्यवस्था में रोजाना 300 से 500 नए कार्ड होल्डर बढ़ने की उम्मीद है। कंपनी प्रबंधन की ओर से दिए जाने वाले स्मार्ट कार्ड को एक बार में 40 चक्कर के लिए रिचार्ज किया जाता है।