आईजीआई एयरपोर्ट की वारदात, पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला, आरोपी की तलाश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पर चाय की दुकान के पास बदमाशों ने एक व्यक्ति का मोबाइल फोन चोरी कर उसके बैंक खाते से करीब डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साइबर टीम तकनीकी जांच के जरिये आरोपियों की पहचान में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, अजय कुमार अपने परिवार के साथ गोयला डेयरी इलाके में रहते हैं और एयरपोर्ट के कार्गो क्षेत्र में कस्टम क्लीयरेंस का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि काम के दौरान वह टैक्सी स्टैंड के पास स्थित चाय की दुकान पर चाय पीने गए थे। चाय पीने के बाद उन्होंने टेबल पर फोन रखकर दुकानदार को पैसे दिए, लेकिन लौटने पर फोन गायब मिला।
काफी तलाश के बाद भी फोन नहीं मिला। इसके बाद अजय ने नया सिम निकलवाया। सिम सक्रिय होने पर उन्हें पता चला कि किसी ने उनके एक्सिस बैंक खाते से 1.39 लाख रुपये निकाल लिए हैं।
उन्होंने तुरंत बैंक से स्टेटमेंट लिया और आईजीआई एयरपोर्ट थाने में शिकायत दर्ज कराई। बाद में उन्होंने साइबर सेल को भी इस संबंध में सूचना दी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच के साथ-साथ उस बैंक खाते का भी पता लगा रही है, जिसमें पैसे ट्रांसफर किए गए हैं। साथ ही पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।