सिविल अस्पताल के आपातकालीन विभाग में शुक्रवार रात को दो मरीजों की मौत के बाद हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने बीच-बचाव कर परिजनों को शांत किया।
जानकारी के मुताबिक, देर रात मदनपुरी निवासी 70 वर्षीय जयदेव को हृदय रोग संबंधी शिकायत के बाद सिविल अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने ईसीजी करने के बाद स्थिति गंभीर होन पर रैफर कर दिया। परिजन जब तक मरीज को ले जाते, हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई।
लगभग इसी समय अस्पताल के आपातकालीन विभाग में आए जैकबपुरा निवासी 65 वर्षीय रमेश कुमार के सांस की नली में दूध फंसने के बाद गंभीर स्थिति में लाया गया। उसकी भी थोड़ी देर में मौत हो गई। डॉक्टर जब तक परिजनों को समझाते, वे उग्र हो गए। आरोप है कि परिजनों ने एक स्टाफ नर्स के अलावा डॉक्टर के साथ बदसलूकी की। हालांकि, मामला बढ़ने से पहले ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
सिविल लाइंस थाना पुलिस की महिला सब इंस्पेक्टर गीता के मुताबिक, पुलिस ने बीचबचाव कर परिजनों को शांत कराया। शनिवार को इस मामले में डॉक्टरों की तरफ से पुलिस को शिकायत देने की बात कही गई। लेकिन थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों से पूछताछ पर उन्होंने ऐसी कोई भी शिकायत आने से साफ इनकार किया।
गौरतलब है कि सिविल अस्पताल में इससे पहले भी हंगामे की स्थिति कई बार बन चुकी है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक डॉक्टरों की कमी के चलते मरीजों को देखने में समय लग जाता है, जिसमें कई बार स्थिति गंभीर बन जाती है।