अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के बीए बीएड प्रोग्राम में दाखिले के लिए पहली ऑफलाइन काउंसलिंग 17 जुलाई को द्वारका कैंपस में होगी। उसी दिन जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद मेरिट के आधार पर सीटों का भी आवंटन होगा।
काउंसलिंग के लिए उम्मीदवारों को यूनिवर्सिटी कुलसचिव के नाम से देय 96 हजार रुपये का बैंक ड्राफ्ट, चार पासपोर्ट साइज फोटो, सीईटी का एडमिट कार्ड और रैंक कार्ड, ऑनलाइन भरा हुआ फॉर्म, जन्मतिथि प्रमाण पत्र साथ लेकर आना होगा। काउंसलिंग के बाद आवंटित सीट को 27 जुलाई तक निरस्त करवाया जा सकता है। यह प्रोग्राम द्वारका कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ एजुकेशन में 50 सीटों के साथ उपलब्ध है। इस काउंसलिंग में भाग लेने के इच्छुक सभी आवेदक इस संबंध में अधिक जानकारी वेबसाइट http://www.ipu.ac.in और http://www.ipu.admissions.nic.in से प्राप्त कर सकते हैं।