ग्रेनो प्राधिकरण के बाहर पिछले काफी दिनों से प्रदर्शन कर रहे किसान संघर्ष समिति ने बृहस्पतिवार को नोएडा का रुख कर लिया। किसान प्राधिकरण के ऑफिसर्स सेक्टर-14 ए के बाहर पहुंच गए। पुलिस इन्हें रोकने का प्रयास करती रही, लेकिन वे बेरिकेट तोड़कर हंगामा करते हुए सेक्टर के गेट तक जा धमके।
इस दौरान किसानों और पुलिस में झड़पें भी हुईं। किसानों का आरोप है कि पुलिस ने लाठियों से धक्का मारा, जिससे कुछ लोग चोटिल हुए हैं। लखनऊ में प्राधिकरण के चेयरमैन से बात कराने के बाद किसान शांत हुए।
प्रदर्शन के दौरान काफी संख्या में किसान और महिलाएं भी मौजूद रहीं। संगठन के नेता मनवीर भाटी ने बताया कि किसान 10 फीसदी विकसित प्लॉट, भूमि अधिग्रहण संबंधी नए कानून को लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर करीब एक हफ्ते से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का घेराव कर रहे थे।
मांगे पूरी नहीं होने पर सभी ने बृहस्पतिवार को नोएडा में प्रदर्शन किया। किसान नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन रमा रमण के सेक्टर 14ए स्थित आवास का घेराव करने पहुंचे। लेकिन, सेक्टर के गेट पर ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
उनका आरोप है कि बेरिकेटिंग तोड़कर बढ़ रहे किसानों पर पुलिस ने लाठियां भी भांजी। इसके बावजूद किसान करीब डेढ़ बजे सेक्टर 14ए स्थित गेट पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हमारी मांगे पूरी करो और भारत माता की जय के नारे भी लगाए।
करीब छह घंटे तक किसान सेक्टर के बंद गेट पर जमे रहे। इस दौरान नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ शिशिर और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ जर्नादन किसानों से बात करने पहुंचे। जब किसान नहीं माने तो अधिकारियों ने मामले में चेयरमैन रमा रमण से फोन पर बात की।
किसान संघर्ष समिति के नेता मनवीर भाटी से भी चेयरमैन की बात कराई। मनवीर ने बताया कि चेयरमैन ने आश्वासन दिया है कि किसानों की मांगों को मुख्य सचिव के समक्ष रखा गया। जल्द ही उनके किसानों की वार्ता भी कराई जाएगी।
किसानों का कहना है कि पांच दिन के भीतर मांगे पूरी नहीं हुईं तो फिर से प्रदर्शन किया जाएगा। उधर, ग्रेनो में धरना जारी रखा गया है । प्रदर्शन के लिए पहुंचे किसानों की अधिक संख्या और उनके वाहनों के कारण फिल्म सिटी से दिल्ली की ओर जा रहे और दिल्ली से सेक्टर 14ए होते हुए महामाया फ्लाईओवर की ओर आने वाला रास्ते पर जाम लगा रहा और वाहन रेंगते रहे।