तिगांव रोड पर खड़ी एक युवती के साथ दो युवकों ने छेड़छाड की। हरकत का विरोध करने पर युवकों ने युवती के पिता व उनके दो रिश्तेदारों के साथ हाथापाई की। पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, बाकी की तलाश जारी है।
फरीदाबाद निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत में बताया कि बल्लभगढ़ उनके एक रिश्तेदारी में शादी थी। वह अपनी 22 वर्षीय बेटी के साथ विवाह समारोह में आया था। रास्ते में तिगांव रोड पर उनके दो अन्य रिश्तेदार इंतजार कर रहे थे।
तिगांव रोड पर लिबर्टी शोरूम के पास उनके रिश्तेदार मिल गए। पीड़ित का कहना है कि वह बेटी को वहीं छोड़कर पास की दुकान से पानी की बोतल लेने चला गया। इसी दौरान दो युवक वहां आए और बेटी को अकेला देखकर उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे।
पीड़ित का कहना है कि युवकों की हरकतों को देखकर उन्होंने धमकाया तो उन्होंने अपने 8-10 साथियों को और मौके पर बुला लिया। युवकों ने उनके साथ हाथापाई कर ईंट पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। उन्हें घायल करने के बाद युवक वहां से फरार हो गए।
मामले की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की जांच कर रहे एएसआई महावीर सिंह का कहना है कि आरोपियों में से 3 युवकों की पहचान मोती, आशीष तथा कल्लू के रूप में हुई है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।