गीत हटाने के आश्वासन पर सरपंचों ने शिकायत वापस लेने का निर्णये।
पिनगवां। सरपंचों के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अश्लील भाषा में जारी किए गए एक गीत पर छिड़ा विवाद माफी के बाद सुलझ गया है। पिनगवां कस्बे में सरपंच एसोसिएशन की ओर से बुलाई गई पंचायत में मेवाती सिंगर राहुल उर्फ मेवाती ने सार्वजनिक रूप से सरपंच बिरादरी से माफी मांगते हुए विवादित गीत को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने का आश्वासन दिया। इसके बाद सरपंचों ने उनके खिलाफ दी गई शिकायत वापस लेने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार राहुल सिंगर द्वारा सोशल मीडिया पर जारी गीत में सरपंच समुदाय को निशाना बनाते हुए कथित तौर पर भड़काऊ, अमर्यादित और अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया गया था। गीत में कुछ ऐसे आरोप और टिप्पणियां भी शामिल थीं, जिन्हें सरपंचों ने अपनी गरिमा के खिलाफ बताया। सरपंचों ने कहा कि हरियाणा और मेवात क्षेत्र में लगभग 50 प्रतिशत सरपंच महिलाएं हैं, ऐसे में इस तरह की भाषा महिला जनप्रतिनिधियों की सामूहिक मानहानि और चरित्र पर आक्षेप के समान है। बुधवार को पिनगवां स्थित आरिफ सरपंच तेड़ के निवास पर पंचायत आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि सिंगर सार्वजनिक रूप से माफी मांगकर गीत हटाने की घोषणा करता है तो उसे माफ कर दिया जाएगा। गायक के माफी मांगने के बाद आरिफ सरपंच, इरशाद सरपंच, तौफीक खान, हामिद, असगर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिकायत वापस लेने की घोषणा की। संवाद