नर्सरी दाखिला (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी के सर्वोदय (सरकारी) स्कूलों में नर्सरी, केजी व पहली कक्षा में दाखिले की दौड़ आज से शुरू हो जाएगी। इन कक्षाओं में दाखिले के लिए 16 मार्च तक ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। स्कूल के पड़ोस में रहने वाले बच्चे आवेदन करने के योग्य होंगे। एक किलोमीटर के दायरे में स्कूल उपलब्ध न होने पर तीन किलोमीटर के दायरे में रहने वाले बच्चे आवेदन के योग्य होंगे। शिक्षा निदेशालय ने दाखिला प्रक्रिया को लेकर दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं।
शिक्षा निदेशालय की गाइडलाइंस के मुताबिक शुक्रवार से स्कूलों से फॉर्म प्राप्त किए जा सकते हैं। साथ ही निदेशालय की वेबसाइट www.edudel.nic.in से फॉर्म डाउनलोड कर भरे जा सकते हैं। सुबह की पाली में सुबह 8:30 बजे से सुबह 10.30 बजे तक व शाम की पाली के स्कूलों में दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक फॉर्म जमा कराए जा सकते हैं। नर्सरी में दाखिले के लिए बच्चे की उम्र 31 मार्च 2019 तक तीन वर्ष, केजी में दाखिले के लिए चार वर्ष व पहली कक्षा में दाखिले के लिए पांच वर्ष पूरी होनी चाहिए।
दाखिले के लिए बच्चों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। 22 मार्च को सुबह की पाली के लिए सुबह 11 बजे व शाम की पाली के लिए दोपहर 2 बजे लॉटरी निकाली जाएगी। उसके पश्चात सुबह की पाली में ड्रा से चयनित हुए बच्चों की सूची 23 मार्च को सुबह 11 बजे व शाम की पाली के लिए चयनित बच्चों की सूची दोपहर 3 बजे नोटिस बोर्ड पर जारी कर दी जाएगी। उसके बाद 25 मार्च से लेकर 29 मार्च तक दाखिले होंगे। सीटें खाली रहने पर एक अप्रैल व दो अप्रैल को प्रतीक्षा सूची में स्थान पाने वालों के दाखिले होंगे। यदि आरक्षित वर्ग की सीटें नहीं भर पाती तो इन सीटों पर अनारक्षित वर्ग के बच्चों को दाखिला मिल सकेगा।