बाइक में पेट्रोल डलवाने जा रहा था फरहान
मृतक की पहचान सिहरी गांव निवासी फरहान के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार फरहान बाइक लेकर जमालगढ़ के पास स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फरहान सड़क पर गिर गया और डंपर में उलझकर दूर तक घिसटता चला गया। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
डंपर रोकने की जगह ड्राइवर भगाता रहा गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद डंपर चालक ने वाहन रोकने के बजाय फरहान को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद चालक डंपर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पढ़ने में होशियार था फरहान
ग्रामीणों ने बताया कि फरहान पढ़ाई में भी होनहार था। उसने हाल ही में 12वीं कक्षा पास की थी और अलवर के एक कॉलेज में मेडिकल लाइन में दाखिला लिया था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।