वसीम से थी अजरूद्दीन की रंजिश
ग्रामीणों के अनुसार, करीब छह-सात वर्ष पहले अजरूद्दीन की गांव के ही वसीम के साथ रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते अजरूद्दीन पर वसीम की हत्या करने का आरोप था। बताया जा रहा है कि अजरूद्दीन फिलहाल जमानत पर बाहर था। सोमवार शाम करीब सात बजे वह अपने घर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान वसीम के भाई ने कथित तौर पर बदला लेने की नीयत से अजरूद्दीन के सिर में गोली मार दी।
आरोपी परिवार सहित फरार
गोली लगने से अजरूद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण उसे आनन-फानन में पुन्हाना के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी परिवार सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस का बयान
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। गांव में फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।