3 फरवरी को ट्रक से किया था स्टंट, एक आरोपी को 7 को कर लिया था गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। दिल्ली-मुंबई बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर ट्रक कंटेनर चालकों द्वारा किए गए खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद नूंह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों ट्रकों को भी जब्त कर उनके खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।
घटना 3 फरवरी की शाम करीब 4 बजे फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 74 के पास गांव रीगड़ के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों चालक तेज रफ्तार में ट्रकों को लहराते हुए चला रहे थे और स्टंट कर रहे थे, जिससे अन्य वाहन चालकों की जान खतरे में पड़ गई। एक जागरूक राहगीर ने दोनों ट्रकों के अलग-अलग वीडियो बनाए। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और पहले आरोपी साबिर पुत्र सुलेमान, निवासी अलवर (राजस्थान) को 7 फरवरी को गिरफ्तार किया। दूसरे आरोपी रईस निवासी अकेड़ा को 9 फरवरी को पकड़ा गया। पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने कहा कि ऐसे कृत्यों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।