ग्रीवेंस कमेटी में हुए विवाद पर फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में रिगड़ गांव की पेयजल समस्या को लेकर हुए विवाद के बाद फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान ने बुधवार को नूंह सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने पूर्व विधायक नसीम अहमद के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते अधिकारियों से जनता के कार्यों की प्रगति पूछना और काम करवाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल एसडीओ से काम के बारे में पूछने पर आपत्ति जताना उचित नहीं है।
मामन खान ने आरोप लगाया कि 260 करोड़ रुपये से अधिक की पेयजल परियोजना आज तक पूरी नहीं हो सकी, जिसके कारण क्षेत्र के लोग आज भी पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं। उन्होंने सरकार से इस योजना को जल्द पूरा करने की मांग की।
बूचड़खानों से कमीशन लेने के आरोपों को उन्होंने पूरी तरह निराधार बताया। पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार होने के कारण बूचड़खाने खुलवाने में पूर्व विधायक की भूमिका रही है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने विधानसभा में लगातार इस मुद्दे को उठाया, जिसके चलते दोहा गांव में हड्डी पीसने का प्लांट बंद कराया गया और अन्य बूचड़खानों पर भी जल्द कार्रवाई होने की उम्मीद है।