7 पैरामिलिट्री कंपनियों के साथ हरियाणा पुलिस के हजारों जवान पूरे यात्रा मार्ग पर तैनात रहेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। आगामी 3 अगस्त को प्रस्तावित ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा इस बार सुरक्षा, व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के नए संदेश के साथ आयोजित होगी। यात्रा को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए उपायुक्त अखिल पिलानी और पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने जिला प्रशासन, पुलिस, यात्रा आयोजकों और जिला स्तरीय समन्वय समिति के सदस्यों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर यात्रा को सफल बनाने का भरोसा दिया।
प्रशासन ने यात्रा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। 7 पैरामिलिट्री कंपनियों के साथ हरियाणा पुलिस के हजारों जवान पूरे यात्रा मार्ग पर तैनात रहेंगे। करीब 80 किलोमीटर लंबे रूट पर ड्रोन, सीसीटीवी, वीडियो रिकॉर्डिंग और आधुनिक निगरानी प्रणाली से पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष मॉनिटरिंग रहेगी और अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी।
रूट से लेकर सुविधाओं तक पूरी तैयारी
यात्रा नल्हड़ शिव मंदिर से शुरू होकर बड़कली चौक, फिरोजपुर झिरका, सिंगार और पुन्हाना तक पहुंचेगी। प्रशासन ने सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, पेयजल, मोबाइल शौचालय, पार्किंग, चिकित्सा सहायता और अन्य सुविधाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए हैं। यात्रा के दौरान बिना अनुमति डीजे, भड़काऊ भाषण, खुले में पेट्रोल-डीजल की बिक्री, हथियार और खुले माइक के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए 3 अगस्त को स्कूल बंद रहेंगे तथा यात्रा मार्ग पर शराब और मांस की दुकानें भी बंद रहेंगी।
पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत होगा
जिला स्तरीय समन्वय समिति के सदस्यों ने कहा कि मेवात की गंगा-जमुनी तहजीब सदियों से आपसी प्रेम और सौहार्द की पहचान रही है। इस वर्ष भी यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर जल सेवा, शरबत वितरण और पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नूंह की सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी विश्वास का भी बड़ा संदेश बनेगी।