नूंह। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में रिक्त राशन डिपो के लाइसेंस जारी करने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके तहत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा, जबकि युवाओं को स्वरोजगार से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र आवेदक हरियाणा अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से 25 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने के साथ गरीब एवं पात्र परिवारों तक राशन की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि नए राशन डिपो आवंटित होने से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में राशन वितरण व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। आवेदन की पात्रता और अन्य शर्तों की जानकारी खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। उपायुक्त ने युवाओं और महिलाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की। संवाद