नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी का कहना है कि उपद्रवियों ने साजिश के तहत दंगा किया है। बिट्टू ने बताया कि उसे कई दिनों से सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिल रही थी। उसे मेवात आने को लेकर धमकाया जा रहा था। इसलिए उसने वीडियो पोस्ट कर आने की बात कही थी। उसे नहीं पता था कि उपद्रवियों ने इस तरह की तैयारी कर रखी थी।
एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू के दौरान नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी ने कहा कि यह हिंसा साजिश के तहत हुई। 15 से 20 दिन पहले ही हिंसा की साजिश रच ली गई थी। उपद्रवियों को कहां से हथियार मिलने थे, इन सबकी पहले से ही तैयारी कर ली गई थी। मुझे सोशल मीडिया पर जान से मारने की भी धमकी मिली। मेरे टुकड़े-टुकड़े करने की बात कही जा रही थी। वहां के कई लोग लगातार मुझे धमका रहे थे, वो लोग कह रहे थे कि तुम मेवात आकर दिखाओ। इसलिए मैंने कहा था कि मैं आ रहा हूं।
बिट्टू ने आगे कहा कि हमने वहां शांति से जलाभिषेक किया, हमारे साथ बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे थे। मेरे हाथ में कोई हथियार नहीं था। जिसके हाथ में हथियार होगा वो लाइसेंसी ही होगा। जब पहाड़ियों से फायरिंग होने लगी। तब हमारे लोगों ने हथियार निकाले। बहन बेटियों की रक्षा के लिए हवाई फायरिंग की गई थी, नाकि किसी को मारा था। बिट्टू ने कई लोगों के नाम का खुलासा करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।