सेक्टर फाई-3 में बुधवार को करंट से झुलसकर हुई तीन बच्चों की मौत के मामले में एनपीसीएल के सीईओ, डीजीएम, एई, जेई, इंजीनियर समेत सात अधिकारियों को नामजद और अन्य अधिकारी व कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज की गई है। कासना कोतवाली पुलिस ने एक बच्चे के पिता की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या की धारा में मामला दर्ज किया है।
सेक्टर फाई-3 निवासी तीन बच्चे विवेक, रिंकू और सागर होली खेलते हुए एनपीसीएल के सब स्टेशन में पहुंच गए थे। बिजली घर में खुले पड़े पैनल बॉक्स में करंट से झुलसकर तीनों की मौत हो गई थी। इसके बाद परिजन व सेक्टर के लोगों ने एनपीसीएल पर लापरवाही का आरोप लगा जमकर हंगामा किया था। अब मामले में विवेक के पिता पप्पू ने कासना कोतवाली में एनपीसीएल के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लापरवाही व हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर एनपीसीएल के सीईओ आरसी अग्रवाल, एई आतिश रंजन, जेई धीरेंद्र, इंजीनियर मोहन सिंह, सहायक प्रबंधक आकाश विश्वकर्मा, डीजीएम सुशांत आंद्रे, मुख्य अधिकारी एसएन गांगुली व अन्यों अधिकारी व कर्मचारियों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। हादसे के लिए जिम्मेदार आरोपियों पर जांच के बाद जल्द कार्रवाई होगी।