गुड़गांव के नूह में अवैध संबंध का राज फास होने के डर से युवक ने 11 वर्षीय बच्चे का कत्ल कर दिया। यह खुलासा हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए देवला नंगली गांव के आरोपी मुस्तफा ने किया। नूंह पुलिस ने सोमवार को उसे कोर्ट में पेश कर दो दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया है।
बता दें कि गांव देवला नंगली से 13 दिसंबर के दिन 11 वर्षीय होशियार अपने घर से अचानक गायब हो गया। उसके पिता अब्दुल हमीद ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं 19 दिसंबर को गांव में ही मछली पालन के लिए बने एक सार्वजनिक जोहड़ में बच्चे का शव पानी में तैरता मिला।
पुलिस को शक था कि किसी ने इस बच्चे की हत्या की है, मगर किसने यह राज खोलना काफी मुश्किल नजर आ रहा था। जांच के दौरान पुलिस को गांव के मुस्तफा पर शक हुआ। करीब एक पखवाड़े के बाद वह पुलिस की गिरफ्त में आया।